गिरिडीह । मंगलवार को गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ । जहां तालाब में चार बच्चियां डूब गई । घटना के संबंध में बताया जाता है कि पचंबा पेठियाटांड़ स्थित सोना महतो तालाब में कर्मा पूजा के लिये मिट्टी लेने गई चार बच्चियां तालाब में डूब गई। चारों बच्चियां हण्डाडीह गांव की बतायी जाती है।
जानकारी के अनुसार पचम्बा थाना क्षेत्र के हण्डाडीह की रहने वाली कुछ बच्चियां मंगलवार सुबह कर्मा पूजा के लिए मिट्टी लाने पेठियाटांड़ स्थित सोना महतो तालाब में गई हुई थी। ये बच्चियां तालाब में उतर कर मिट्टी निकालने की कोशिश कर रही थी । तालाब में अत्यधिक पानी और फिसलन वाली कीचड़ होने के कारण पांच बच्चियां फिसल कर तालाब के गहरे पानी में समा गया। इस दौरान एक बच्ची किसी तरह खुद के प्रयास से पानी से बाहर निकल गयी। लेकिन शेष चार बच्चियां पानी मे डूब गयी
तालाब में डूबी बच्चियों को बचाने के लिए तालाब में कूद पड़े स्थानीय लोग,,,,,,,
घटना के बाद वहां अफरा – तफरी मच गई । आस -पास मौजूद लोगों ने शोर मचाया जिसके बाद ग्रामीण वहां जुट गये। फिर कुछ ग्रामीणों ने तालाब में डूबी बच्चियों को बचाने के लिए तालाब में कूद गए । काफी मशक्कत के बाद एक बच्ची को बाहर निकाला जा सका । जिसकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। आनन फानन में उसे लेकर लोग सदर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना की खबर सुनते ही काफी संख्या में लोग और बच्चियों के परिजन मौके पर जुट गए । परिजनों की चीत्कार से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया ।
