धनबाद । झरिया से भाजपा के पूर्व विधायक सह मजदूर नेता स्व. सूर्यदेव सिंह के पुत्र संजीव सिंह को बुधवार को एंबुलेंस से धनबाद कोर्ट लाया गया। जहां वह न्यायालय के समक्ष पेश हुए। पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह तथा अन्य के हत्या के आरोप में धनबाद जेल में बंद संजीव सिंह को वर्ष 2014 में झरिया विधानसभा चुनाव के दौरान पब्लिक प्रॉपर्टी डैमेज के आरोप में चुनाव आयोग के उड़नदस्ता टीम द्वारा मामला दर्ज कराया गया था। उस वक्त संजीव सिंह झरिया विधानसभा से भाजपा के उम्मीदवार थे। उसी मामले में आज धनबाद न्यायालय में छह गवाहों का परीक्षण हुआ। जिसमें संजीव सिंह पर आरोप साबित नहीं हो सका। जिसके उपरांत न्यायालय ने पूर्व विधायक संजीव सिंह को मामले में दोषमुक्त करार दिया।

इस दौरान धनबाद जेल से धनबाद कोर्ट तक संजीव सिंह को प्रस्तुत करने के लिए जिला पुलिस ने अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लगाया। जिसके तहत जेल प्रशासन के एंबुलेंस से संजीव सिंह को धनबाद न्यायालय परिसर लाया गया। जहां से स्ट्रेचर पर टांग कर उन्हें न्यायाधीश के समक्ष ले जाया गया। मालूम हो कि धनबाद जेल में बंद पूर्व विधायक संजीव सिंह की तबीयत काफी खराब है। उनकी खराब स्वास्थ्य को देखते हुए पिछले दिनों शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां से कुछ दिनों के इलाज के बाद उन्हें धनबाद जेल वापस ले जाया गया। इस दौरान उनकी पत्नी व भाजपा नेत्री रागिनी सिंह ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया था कि राजनीतिक विद्वेष की भावना से ग्रसित झरिया विधायक उनके पति संजीव सिंह को जेल में नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *