जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के फुशबंगलो चौक एक बार फिर हादसे का गवाह बना। शनिवार दोपहर करीब एक बजे पुटकी की ओर मुड़ रहे महतो ट्रांसपोर्ट के ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक सड़क पर गिर गई, लेकिन किस्मत अच्छी थी कि चालक मुकेश को मामूली चोट ही आई और उसकी जान बच गई।
बताया जाता है कि ट्रक संख्या जेएच 10 बीयू 9134 फुशबंगलो मोड़ से पुटकी की तरफ मुड़ रहा था। उसी दौरान सामने से बाइक संख्या जेएच 10 बीके 9551 पर सवार भागा गड़ीवान पट्टी के मुकेश कुमार आ गया। ट्रक चालक के संभलने से पहले ही दोनों वाहन टकरा गए। आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके की ओर दौड़ पड़े।
हादसे के बाद चौक पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और कुछ देर तक यातायात ठप रहा। स्थानीय लोगों ने घायल मुकेश को उठाया और उसे संभाला। सूचना मिलते ही जोरापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फुशबंगलो चौक पर यह कोई पहला हादसा नहीं है। यहां सवारी बैठाने के लिए टोटो और टेम्पू चालक अपने वाहन सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। इससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। मोड़ पर अचानक वाहन सामने आ जाने से चालकों को संभलने का मौका नहीं मिलता।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चौक पर खड़े होने वाले टोटो-टेम्पू के लिए अलग स्थान तय किया जाए और यातायात व्यवस्था को सख्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
