जोरापोखर। बरारी लंका नगरी में शनिवार की सुबह उस वक्त मातम छा गया, जब मलेशिया में काम के दौरान जान गंवाने वाले 39 वर्षीय भरत कुमार यादव का शव गांव पहुंचा। शव देखते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। हर किसी की आंखें नम हो गईं।

भरत कुमार यादव स्वर्गीय लखी यादव के पुत्र थे। परिवार की आर्थिक स्थिति को संभालने के लिए वे रोजी-रोटी की तलाश में मलेशिया गए थे। वहां एक कंपनी में काम कर रहे थे।

मृतक के भाई लक्ष्मण यादव ने बताया कि 3 सितंबर को काम के दौरान भरत के सीने में अचानक तेज दर्द उठा। कंपनी के लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। इस दुखद खबर की जानकारी परिजनों को 5 सितंबर को मिली।

बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इससे भी बड़ी पीड़ा यह थी कि शव गांव लाने में तीन महीने लग गए। शव को लाने के लिए परिजनों ने जोरापोखर थाना से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों तक कई बार गुहार लगाई। लंबे संघर्ष और कागजी प्रक्रिया के बाद आखिरकार शुक्रवार की देर रात शव कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचा।

शनिवार सुबह जैसे ही शव बरारी लंका नगरी पहुंचा, आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। तीन महीने बाद बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बाद में गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार मोहलबनी घाट पर किया गया। परिजनों ने कहा कि विदेश में कमाने गए बेटे का इस तरह लौटना उनके लिए सबसे बड़ा सदमा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *