जोरापोखर। साइबर ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए सोमवार को उत्तराखंड पुलिस जोरापोखर पहुंची। जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह स्थित टाटा सीआरओ कॉलोनी में जोड़ापोखर पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी अभिषेक पासवान फरार हो गया।
मामले की जानकारी देते हुए उत्तराखंड के लक्ष्मणपुरा कोतवाली थाना के पुलिस अधिकारी शौकत अली खान ने बताया कि थाना क्षेत्र की एक महिला ने अभिषेक के खिलाफ फोन के जरिए पैसे की ठगी करने का मामला दर्ज कराया था।
इस संबंध में कांड संख्या 05/26 के तहत मामला दर्ज है। मामले में फरार चल रहे अभिषेक के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी किया गया है। उसी वारंट के तामिला के लिए उत्तराखंड पुलिस जोड़ापोखर पहुंची थी।
जांच में पता चला है कि अभिषेक के पिता यहां ड्यूटी करते थे और अभिषेक उन्हीं के साथ रहता था। अब उसके पिता रिटायर हो चुके हैं। पुलिस को शक है कि आरोपी को छापेमारी की भनक पहले ही लग गई थी, जिसके कारण वह मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने कहा है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
