झरिया । बीसीसीएल पूर्वी झरिया क्षेत्र के भौंरा स्थित नीचे 19 नंबर में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे मोहल्ले को हिलाकर रख दिया। बीसीसीएल कर्मी सुरेश भुइयां की पत्नी कौशल्या देवी (45) की ओबी डंपिंग स्थल से लुढ़की विशाल चट्टान की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि कौशल्या देवी सुबह शौच के लिए घर से बाहर गई थीं। इसी दौरान ओबी डंप से अचानक एक विशाल चट्टान लुढ़कती हुई नीचे आ गई और वह उसकी चपेट में आ गईं। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़े। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद महिला के ऊपर गिरी चट्टान को हटाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम छा गया। परिजन शव को लेकर घर चले गए। सूचना मिलते ही बीसीसीएल प्रबंधन और पुलिस को अवगत कराया गया। मृतका के पीछे पति और दो पुत्र हैं।मृतका का माइका जयरामपुर कोलियरी में हैं।इधर घटना की जानकारी पर मुआवजे और नियोजन की मांग को लेकर श्रमिक यूनियन के नेताओ ने ट्रांसपोर्टिंग ठप्प करा दी है। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को आउटसोर्सिंग कंपनी में नियोजन देने तथा मोहल्ले के समीप ओबी डंपिंग तत्काल बंद करने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी के बिल्कुल समीप ओबी डंपिंग की जा रही है, जिससे हर वक्त जान का खतरा बना रहता है। प्रबंधन को कई बार आगाह किया गया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आज उसी लापरवाही की कीमत एक मासूम महिला को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है। समाचार लिखे जाने तक ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह से ठप्प है।मौके पर पूर्व विधायक पूर्णिमा सिंह पहुंची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *