श्री फाल्गुन महोत्सव पर श्री श्याम मंदिर झरिया से निकली भव्य निसान शोभायात्रा, तीन दिनों तक बहेगी भक्ति की बयार

खाटू श्याम के रंग में रंगा कोयलांचल, निशान यात्रा में भक्ति में डूबे श्याम भक्त

शोभा यात्रा से पूरा नगर रंगीला, श्याम के भजनों से कोयलांचल श्याममय हुआ

ऐसा नजारा बना कि जैसे भगवान श्री कृष्ण स्वयं झरिया में पधारे हैं

झरिया: श्री श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में श्री श्याम मंदिर खाटू धाम झरिया में तीन दिवसीय श्री फाल्गुन महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को भव्य निशान शोभायात्रा के साथ हुआ। जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गाजे-बाजे, जयकारे व श्री श्याम निशान के साथ बड़ी संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। माथे पर तिलक व अबीर-गुलाल खेलते श्याम भक्त भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। भव्य निशान शोभा यात्रा श्री श्याम मंदिर से निकाली गई। जिसमें 5300 पुरुष एवं महिला एक ही रंग के वस्त्र धारण कर शामिल हुए।शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालु हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा, बड़ा ही दयालु है वह मेरा श्याम एक बार उसकी शरण में आकर तो देखो आदि जयघोष लगाते हुए बढ़ रहे थे। शोभायात्रा में श्याम भक्त श्याम बाबा के भजनों पर नाचते झूमते भी चल रहे थे। शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर लाल बाजार, लक्ष्मनिया मोड़, सब्जी पट्टी, बाटा मोड़, मेन रोड, चार नंबर मोड़, धर्मशाला रोड, चिल्ड्रेन पार्क मोड़ होते हुए निसान लेकर श्याम भक्त खाटू धाम पहुंचे। यहां श्याम भक्तों ने बाबा को निशान अर्पित किए। शोभा यात्रा जिधर से गुजरी, वहां के लोगों ने घरों से निकल कर फूलों की वर्षा की। शोभा यात्रा से पूरा नगर रंग रंगीला बसंत ऋतु से सराबोर हो गया। ऐसा नजारा बना कि जैसे भगवान श्री कृष्ण स्वयं झरिया में पधारे हैं। जगह-जगह सामाजिक संस्था के लोगों ने श्याम भक्तों का शरबत, पानी से स्वागत किया। श्री श्याम मित्र मिलन मंदिर के कार्यकर्ता साथ चल रहे थे।
मंदिर कमेटी के लोगों ने कहा कि साढ़े छह हजार निशान के कूपन बनाए गए थे। सभी श्याम भक्तों ने ले लिए। इसके अलावा सैकड़ों लोग शोभायात्रा में शामिल हुए। निसान शोभा यात्रा में विधि- व्यवस्था बनाए रखने के लिए झरिया थाना पुलिस सक्रिय रही। शोभा यात्रा के आगे और पीछे के अलावा हर चौक-चौराहों पर पुलिस थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *