धनबाद । जिले में कतरास अंतर्गत जोगता थाना क्षेत्र में 20 नंबर के समीप झाड़ियों में देसी बम विस्फोट हो जाने से 5 नाबालिग लड़के बुरी तरह जख्मी हो गए। घटना के संबंध में बताया जाता है कि पांचों बच्चे एकजुट होकर जोगता थाना अंतर्गत शिव मंदिर के समीप झाड़ियों में गए हुए थे। लोगों का कहना है कि बच्चे झाड़ियों में बेर तोड़ने गए थे। लेकिन मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। आखिर झाड़ियों में बम विस्फोट की घटना कैसे घटी? क्या अपराधियों ने वहां बम इकट्ठा कर रखे थे या फिर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश थी? ऐसे कई सवालों के जवाब पुलिस को ढूंढना है, जिससे कि बम विस्फोट की घटना का खुलासा हो सके। पुलिस अभी कुछ भी बताने से बच रही है। वही घायल बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि वह लोग इस बारे में ज्यादा नहीं जानते हैं। उन्हें सूचना मिली थी कि उनके बच्चे विस्फोट में घायल हो गए हैं। घायल बच्चे की स्थिति में सुधार होने के बाद ही इस मामले में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी। घटना में गंभीर रूप से घायल दो बच्चे को बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर ले जाया गया है। जबकि अन्य तीन का इलाज धनबाद और कतरास में चल रहा है।
