धनबाद । शहर में रेलवे स्टेशन दक्षिणी छोर के फुटपाथ दुकानदारों ने शुक्रवार को भारी संख्या में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर के प्रदर्शन-नारेबाजी किया। फुटपाथ दुकानदारों का कहना है कि वह लोग अपनी समस्याओं को लेकर डीआरएम कार्यालय पहुंचे हैं। जहां पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और धनबाद डिवीजन के रेल प्रबंधक को ज्ञापन देकर उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराना है। दुकानदारों ने बताया कि वह लोग धनबाद रेलवे स्टेशन के पुराना बाजार दक्षिणी छोर की ओर फुटपाथ पर पिछले 50-60 वर्ष से दुकान चला कर अपने परिवार का गुजर-बसर कर रहे हैं। ऐसे में रेलवे द्वारा हटाए जाने की नोटिस दिए जाने से उनके समक्ष गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
जिससे उनलोगों के समक्ष परिवार सहित भुखमरी की स्थिति उतपन्न होनेवाली है। रेलवे विस्तारीकरण कार्य को बेरोकटोक पूरा करें, परंतु दक्षिणी छोर पर बसे हुए 350 फुटपाथ दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करें। जिससे उनका तथा परिवार का जीवन यापन हो सके। मालूम हो पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत धनबाद रेल मंडल में फ्रेट कॉरिडोर जैसे कार्यों को पूरा करने के लिए कार्य प्रारूप तैयार कर रखा है तथा इसे पूरा करने के लिए रेलवे जमीन पर अवैध रूप से बसे लोगों को हटाने का कार्य लगातार कर रही है। इसी उद्देश्य के तहत रेलवे ने स्टेशन के दक्षिणी छोर पर पुराना बाजार की ओर जाने वाले रास्ते के किनारे बसे फुटपाथ दुकानदारों को भी चिन्हित कर जमीन खाली करने का नोटिस दिया है।
