झरिया । सुहागिनों का सबसे बड़ा पर्व करवाचौथ गुरुवार को झरिया शहर में धूमधाम से मनाया गया। आकर्षक वेशभूषा में सजी-संवरी सुहागिनों ने पति की लंबी आयु के लिए दिनभर उपवास रखा और रात को चंद्रमा को अर्घ्य देकर उपवास खोला। झरिया चार नंबर स्थित पंजाबी मोहल्ला के राधा कृष्ण मंदिर के परिसर में सामूहिक कार्यक्रम हुआ। इसमें महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान से पति की लंबी आयु और सुख- समृद्धि की कामना की। करवाचौथ पर्व को लेकर शहर दिनभर उत्साह का माहौल रहा। बाजार में महंदी लगाने के साथ व्रत के लिए जरूरी सामान खरीदने के लिए महिलाएं पहुंची थीं।करवाचौथ व्रत के लिए महिलाओं ने गुरुवार तड़के सरगी खाई और फिर उपवास शुरू किया।
सूर्यास्त से पहले महिलाओं ने पंजाबी मोहल्ला स्थित राधा कृष्ण मंदिर में संयुक्त पूजा-अर्चना करने के साथ ही थालियों की अदला-बदली की। इस दौरान पारंपरिक लोक गीत से माहौल और भी भव्य हो गया। इसके साथ ही शहर में महिलाओं ने घरों में ही परिवार के साथ पूजा-अर्चना की। बाद में देर रात को चांद देखने के बाद पति का चेहरा देकर जल ग्रहण किया और उपवास खोला है। व्रती महिलाओं ने अपने सास को करवा और मिष्ठान में ड्राई फ्रूट, नारियल आदि समाग्री देकर सौभाग्यवती होने का आशीर्वाद लिया।पूजा के दौरान मुख्य रूप से अर्चना शर्मा , वंदना सिह, श्रद्धा , प्रीति वर्मा , मोनिका वर्मा , सुनीता खन्ना , सिमरन , अन्नू शर्मा , रचना , पूनम , निशा ,तृषा , वंदना सेठ , रूबी सिंह समेत कई महिलाएं मौजूद रही।
