रामावतार स्वर्णकार
हजारीबाग/इचाक: कोरोना काल के कारण पूरे दो साल बाद पूरे देश में भव्य रूप से मनाए जा रहे दुर्गा पूजा के उत्साह पर बारिश ने खलल डाल दिया है। और बारिश का ये रौद्र रूप गुरुवार तक अनवरत जारी रहने की संभावना भी है। समुद्र से आए साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर पूरे राज्य में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इन दिनो बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र होने के कारण उड़ीसा और झारखंड के कई जिलों में रुक रुककर बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय बंगाल की खाड़ी में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है,
एक पश्चिमी मध्य बंगाल की खाड़ी में और दूसरा उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में। इसी के असर से बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है जो, बंगाल की खाड़ी से उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। संभावना है कि छः अक्टूबर से बारिश में थोड़ी कमी आयेगी। बहरहाल नवरात्र के दौरान रुक रूक कर हो रही बारिश से श्रृद्धालुओं को काफ़ी परेशानी हो रही है। पूजा पंडाल के आसपास का खाली मैदान और सड़के कीचड़मय हो गई है। बुधवार को भी अगर इसी तरह से बारिश होती रही तो दशहरा मेला का उत्साह पर भी पानी फिर जायेगा।
जिससे न केवल मेला प्रेमियों और मां के दर्शन को आनेवाले श्रद्धालुगण निराश होंगे, बल्कि मेले में कुछ आमदनी करने के लिए कई दिनों से अपनी तैयारी कर रहे चाट समोसे, गुब्बारा, खिलौने, गुपचुप, चाउमीन समेत कई छोटे बड़े दूकान सजाकर मेले का रौनक बढ़ानेवाले दुकानदारों के रोज़गार पर भी बड़ा कुठाराघात होगा।
