चतरा । चार दिन पूर्व चतरा के प्रतापपुर में हुए पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में घायल सीआरपीएफ 190 बटालियन के जवान चितरंजन कुमार का आज रांची मेडिका अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। नक्सलियों से हुए मुठभेड़ के दौरान शहीद जवान को पैर व कमर में गोली लगी थी। जिसके बाद घायल जवान को बेहतर उपचार के लिए चतरा से एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया था।
शहीद जवान को रांची के सीआरपीएफ 133 बटालियन मुख्यालय में अंतिम सलामी दी जाएगी। जवान के शहीद होने की सूचना पर चतरा से 190 बटालियन के कमांडेंट मनोज कुमार समेत शीर्ष अधिकारी रांची के लिए रवाना हो गए हैं। शाहिद जवान चितरंजन मूल रूप से बिहार के राजगीर जिले के रहने वाले थे। जवान के शहीद होने की खबर से बटालियन मुख्यालय समेत पुलिस महकमे में शोक की लहर है। रांची में शहीद जवान को अंतिम सलामी देने के बाद शाहिद के शव को उनके पैतृक गांव राजगीर भेज दिया जाएगा।
