धनबाद । जिला पुलिस बल में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर उमेश मांझी का शव सोमवार की शाम पुलिस लाइन पहुंचा। जहां पुलिस अधिकारियों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि देते हुए उनकी विदाई की। मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार, ग्रामीण एसपी रेशमा रमेशन समेत दर्जनों पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मौके पर स्व उमेश मांझी के परिजन भी उपस्थित रहे। उनका शव पूरे सम्मान के साथ परिजनों को सौंपा गया। जहां से शव को लेकर परिजन पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।

ज्ञात हो कि धनबाद जिला पुलिस बल में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर उमेश मांझी का दुर्गापुर के मिशन हॉस्पिटल में सोमवार की सुबह निधन हो गया। एसआइ मांझी बीते दिनों हुए एक हादसे में गंभीर रूप से जख्‍मी होने के बाद मिशन अस्‍पताल में इलाजरत थे।

सब इंस्पेक्टर मांझी का पार्थिव शरीर लाने के लिए धनबाद से पुलिस की एक टीम दुर्गापुर गई हुई थी। गौरतलब है कि बीते दो सितंबर को गोविंदपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में उमेश मांझी गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। तेज गति से आ रही एक बाइक ने उन्‍हें जोरदार टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से जख्मी उमेश मांझी को तत्काल मिशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बताया गया था कि उनके सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से ब्रेन डेड हो चुका था। उमेश मांझी मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र स्थित जैजोर गांव के रहने वाले थे।

दारोगा उमेश मांझी हाईवे पेट्रोलिंग में 10 नंबर पीसीआर वैन पर ड्यूटी में थे। दो सितंबर की रात वह गोविंदपुर में स्थित एक दुकान से दवा खरीद कर सड़क (जीटी रोड) पार कर रहे थे। तभी मोटरसाइकिल सवार एक व्‍यक्ति ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह सड़क पर गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर रूप से चोट आई। आनन-फानन में उन्हें शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्‍पताल (एसएनएमएमसीएच) धनबाद में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्‍हें मिशन अस्‍पताल दुर्गापुर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद पुलिस ने बाइक को अपने कब्‍जे में ले लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *