धनबाद । निरसा के पंचेत ओपी अंतर्गत बीसीसीएल सीवी एरिया की दहीबाड़ी परियोजना के पास गुरुवार तड़के एक बार फिर जमीन फटी। सुबह करीब 4 बजकर 40 मिनट पर अचानक हुए भू-धंसान से बड़े भू-भाग की मिट्टी कट गई। हादसे में वहां खड़ी एक ड्रिल मशीन भी धसान के चपेट में आ गया हालाँकि मशीन ज़मींदोज़ होने से बच गया । गनीमत ये रही कि इस वाहन में कोई चालक उस वक्त सवार नहीं था। बड़े भू -भाग में दरार आने के साथ जमीन धंसने से पूरा इलाका खोखला नजर आ रहा है। मिट्टी धंसने की वजह से करीब 500 मीटर के दायरे में गहरी खाई बन चुकी है। हादसे के बाद परियोजना के आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
लोग सुरक्षित ठिकाना ढूंढ़ रहे हैं। व्यू पॉइंट जाने वाला रास्ता भी पूरी तरह से दरार से भर गया । ड्यूटी में तैनात सुरक्षा गार्ड्स के सामने ये घटना घटी वो लोग अपनी जान बचा कर वहाँ से भाग खड़े हुए । परियोजना में लगाए गए बिजली के कई पोल उखड़ गए। हादसे के वक्त इनसे निकली चिंगारी की वजह से पूरा इलाका रोशन हो गया था। हादसे की भयावहता को देखते हुए आस पास में तैनात सुरक्षा गार्ड भाग खड़े हुए।
