धनबाद । कोयलांचल में आजादी के अमृत महोत्सव का जश्न चारों ओर मनाया जा रहा है। 12 अगस्त से रेलवे भी आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उमंग में डूब गया। धनबाद स्टेशन का मुख्य भवन तिरंगे की रोशनी में नहा गया है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत रेलकर्मियों और अधिकारियों ने अपने-अपने घरों में तिरंगा झंडा लगाया है।
सभी अपने-अपने घरों पर उत्साहपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे का सम्मान कर रहे हैं। धनबाद के साथ आसपास रेलवे स्टेशनों को भी सजाया गया है। स्टेशनों पर डिजिटल स्क्रीन, पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में आमजन को जागरूक करते हुए उन्हें राष्ट्र के सम्मान में घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। धनबाद मंडल में जगह-जगह तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें अधिकारी एवं रेलकर्मी सहित रेलवे के खिलाड़ी, रेलवे स्कूल के शिक्षक, स्काउट गाइड, यूनियन एवं एसोसिएशन के सदस्य शामिल हुए। स्टेशनों पर सेल्फी प्वाइंट लगाए गए हैं, जहां लोग उत्साह से सेल्फी ले रहे हैं।
