निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । साइबर अपराध के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान में चलाये जा रहे हैं, इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन शातिर साइबर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जामताड़ा पुलिस द्वारा नारायणपुर थाना क्षेत्र के झिलुवा ज़ोरिया और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के घघकोटांड़ ज़ोरिया के पास की गई। आज साइबर अपराध थाना में डी एस पी अमित रविदास ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई हुई है, गिरफ्तार अभियुक्त भीम मंडल (उम्र 30 वर्ष), पिता: हरि मंडल, निवासी: झिलुवा, थाना: नारायणपुर, मोजाहीद अंसारी (उम्र 37 वर्ष), पिता: मानीरूद्दीन अंसारी, निवासी: बिराज़पुर, थाना: करमाटांड़, कुरबान अंसारी (उम्र 26 वर्ष), पिता: मरहूम खुदुश मियाँ, निवासी: पतरोडीह, थाना: नारायणपुर है।
पुलिस के अनुसार, ये अपराधी लोगों को ठगने के लिए दो मुख्य तरीके अपनाते थे। ये ग्रीन गैस के उपभोक्ताओं को बिल अपडेट कराने का झांसा देते थे और उनके मोबाइल पर गैस अपडेट का फर्जी APK FILE भेजकर उसे इंस्टॉल करवाते थे। इसके बाद फोन का एक्सेस लेकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे, विभिन्न बैंकों के ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी करने का झांसा देकर उनके मोबाइल में APK FILE डाउनलोड करवाते थे और क्रेडिट कार्ड की सभी गोपनीय जानकारी चोरी कर लेते थे।
पकड़े गए तीनों अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ जामताड़ा व नारायणपुर थानों में पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। इस ताज़ा कार्रवाई के तहत पुलिस ने नारायणपुर थाना में कांड संख्या 66/26 और करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 67/26 दर्ज किया है। इन पर B.N.S 2023, I.T. Act और Telecommunications Act 2023 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह सफल कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित रविदास के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में पु०नि०-सह-थाना प्रभारी राजेश मंडल, पु०नि० अनिल अभिषेक, पु०नि० विकास कुमार तिवारी सहित साइबर अपराध थाना के रिजर्व गार्ड के आरक्षी और हवलदार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *