जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह बाजार स्थित माँ दुर्गा एचपी गैस ग्रामीण वितरक के गोदाम से अज्ञात चोरों ने सोमवार अहले सुबह ताला तोड़कर 10 भरे हुए एचपी गैस सिलेंडरों की चोरी कर ली। चोरी की पूरी वारदात गोदाम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना को लेकर एजेंसी की संचालिका भारती देवी ने जोरापोखर थाने में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एजेंसी की संचालिका भारती देवी, ग्राम ओरमिटा, पंचायत परसबनिया, थाना बलियापुर की रहने वाली हैं और माँ दुर्गा एचपी गैस ग्रामीण वितरक की डीलर हैं। इनका ऑफिस डिगवाडीह बाजार में स्थित है। आवेदन में उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर करीब 3:00 बजे उनके डिगवाडीह स्थित ऑफिस के नीचे रखे हुए 14 भरे हुए एचपी गैस सिलेंडरों में से 10 सिलेंडरों को 3 से 4 की संख्या में आए अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने पहले गोदाम के गेट में लगे ताले को तोड़ा, फिर सिलेंडरों में लगे लॉक-चेन और तालों को तोड़कर 10 भरे सिलेंडर चोरी कर लिए। संचालिका ने बताया कि चोरी की यह पूरी घटना उनके ऑफिस के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज को संज्ञान में लेकर चोरों की पहचान कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और चोरी गए सिलेंडर बरामद करने की मांग की है।इधर घटना की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
