जोरापोखर। बोकारो स्थित वेदांता कंपनी के स्टील प्लांट में गैस रिसाव की चपेट में आने से रविवार सुबह दो कर्मियों की मौत हो गई। मृतकों में एक डिगवाडीह 10 नंबर इस्लामपुर बस्ती निवासी मो. नौशाद अंसारी के 24 वर्षीय पुत्र समीर अंसारी हैं, जो प्लांट में कनीय अभियंता के पद पर कार्यरत थे। मृतक समीर अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जो अविवाहित था और काफी मिलनसार स्वभाव का था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही डिगवाडीह में मातम पसर गया। मृतक के पिता नौशाद अंसारी की डिगवाडीह में रेडीमेड की दुकान है। उन्होंने बताया कि करीब तीन साल पहले समीर को प्लांट में नौकरी मिली थी। उसकी ड्यूटी रोटेशन में होती थी। रविवार सुबह वह हमेशा की तरह पहली पाली की ड्यूटी के लिए सुबह चार बजे घर से निकला था। सुबह नौ बजे उसके साथियों ने फोन कर गैस लगने से मौत की सूचना दी।

मिली जानकारी के अनुसार प्लांट में काम के दौरान समीर अंसारी और सोहन महतो गैस के संपर्क में आ गए। घटना के बाद दोनों को तेलगड़िया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। डिगवाडीह निवासी समीर अंसारी की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। सूचना मिलते ही मोहल्ले और आसपास के दर्जनों लोग बोकारो घटनास्थल पहुंचे। वे प्लांट प्रबंधन से घटना की जवाबदेही सुनिश्चित कराने और मुआवजा प्रक्रिया को लेकर वार्ता कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *