जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह बारह नंबर कांटा घर से भूलन बरारी की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर सुशी आउटसोर्सिंग परियोजना प्रबंधन द्वारा ओबी गिराकर सड़क बंद कर दिए जाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है।
मामले में झरिया अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने हस्तक्षेप करते हुए अंचल निरीक्षक रामरतन पांडेय और सरकारी अमीन सीताराम को पूरे घटनाक्रम और जमीन के मालिकाना हक की स्थिति की तत्काल जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
निर्देश के बाद सीआई और अमीन ने सोमवार दोपहर ओबी गिराए गए स्थल का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जांच की। इस दौरान श्रमिक नेता सबूर गोराई के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने प्रदर्शन कर अधिकारियों से सड़क से ओबी हटाकर सड़क को चालू कराने की मांग की।
बताया जाता है कि भूलन बरारी में सुशी आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तारीकरण और ओबी डंपिंग के लिए जमीन की कमी के कारण प्रबंधन को परियोजना संचालन में परेशानी हो रही है। प्रबंधन द्वारा जहां-तहां खाली जमीन पर ओबी डंपिंग कराई जा रही है। इसी क्रम में पिछले दिनों भूलन बरारी के समीप डिगवाडीह जाने वाली मुख्य सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर और ओबी गिराकर सड़क को बंद कर दिया गया, जिससे लोगों का आवागमन बाधित हो गया है और क्षेत्र के हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने उपायुक्त, एसएसपी और झरिया सीओ को लिखित सूचना देकर अविलंब हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि बाधित सड़क को चालू कराने के लिए क्षेत्र के लोग प्रबंधन के खिलाफ हर स्तर पर आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।
