झरिया । झरिया थाना क्षेत्र के सिंहनगर स्थित तेजन सिंह तालाब से रविवार को लगभग 20 वर्षीय राहुल का शव संदिग्ध स्थिति में बरामद किया गया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची झरिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है। पुलिस प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की आशंका जता रही है, हालांकि मामले की जांच जारी है।स्वजनों का कहना है कि राहुल मजदूरी का काम करता था और शनिवार से ही घर से लापता था। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। रविवार को अचानक तालाब में उसका शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही झरिया इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय और वार्ड 35 की पार्षद सोनाली कुमारी घटनास्थल पर पहुंचे।इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली।पार्षद सोनाली कुमारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
