जोरापोखर। डिगवाडीह बारह नंबर कांटा घर से भूलन बरारी की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर परियोजना का ओबी डंप कर दिए जाने के बाद मंगलवार को स्थानीय लोग भड़क उठे। छाता धौड़ा के पास सड़क जाम कर ग्रामीणों ने ओबी डंपिंग का कार्य रोक दिया, जिससे सुशी आउटसोर्सिंग परियोजना का खनन कार्य भी ठप हो गया।
प्रेम नोनिया, गोपी ठाकुर और चंदन दास के नेतृत्व में पहुंचे नागरिकों ने प्रबंधन विरोधी नारेबाजी की और सड़क से मलबा तुरंत हटाने की मांग की। लोगों का आरोप है कि परियोजना प्रबंधन विस्तार के नाम पर पहले भी भूलन बरारी क्षेत्र के कई मुहल्लों की सड़कें बंद कर चुका है और अब इस प्रमुख सड़क को बंद कर लोगों को जबरन विस्थापित करने की साजिश की जा रही है।
सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद अलीम अंसारी मौके पर पहुंचे और प्रबंधन से मोबाइल पर बात कर सड़क पर मलबा गिराने की समस्या से अवगत कराया। पार्षद के हस्तक्षेप के बाद करीब चार घंटे बाद प्रबंधन ने पेलोडर से सड़क का मलबा हटवाया, जिसके बाद आवागमन बहाल हुआ और लोगों ने आंदोलन समाप्त किया।
इस दौरान नागरिकों ने चेतावनी दी कि दोबारा सड़क बंद करने का प्रयास किया गया तो परियोजना के खिलाफ आंदोलन तेज कर उसे बंद कराया जाएगा। मौके पर रंजू देवी, हलीम अंसारी, देवास नोनिया, लक्ष्मी देवी, रेखा देवी, चांदनी परवीन सहित कई लोग मौजूद थे।
