धनबाद । बुधवार को धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र में धनबाद पुलिस के साथ अपराधियों की मुठभेड़ हो गई । कुख्यात अपराधी सागर उर्फ शिबू घायल हो गया है ।शिबू के बारे में बताया जाता है कि वह धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में भी नामजद आरोपी रहा था । नीरज सिंह हत्याकांड में बरी होने के बाद फिर उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा और जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड में भी उसका नाम आया । वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में था । इसकी सूचना धनबाद के एसएसपी को लगी । उसके बाद एक स्पेशल टीम का गठन किया गया । फिर शिबू को घेरने की कोशिश की गई । शिबू अपने एक दो साथियों के साथ निरसा के हाथबाड़ी में रुका हुआ था । सूचना पुष्ट होने के बाद पुलिस ने घर की घेराबंदी की, तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी । जानकारी के अनुसार उसके दो साथी भी पकड़े गए हैं । दो के भागने की भी खबर है । घायल शिबू को इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है । सागर उर्फ शिबू के बारे में बताया जाता है कि वह उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर का रहने वाला है ।2017 में पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड की जांच के दौरान भी उसका नाम सामने आया था । उसे प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया गया था । वहीं 24 अगस्त को जमशेदपुर में हुए निखार सब लोक हत्याकांड में भी इसका नाम शूटरो में आया । बता दें कि नीरज सिंह हत्याकांड में वह पिछले साल बरी हो गया था । जानकारी के अनुसार एनकाउंटर में अपराधियों की तरफ से चार राउंड गोलियां चलाई गई है, जबकि पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग की है ।

एसएसपी प्रभात कुमार ने अस्पताल में मीडिया को बताया कि धनबाद पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली थी कि अपराधियों का एक गिरोह धनबाद पहुंचा हुआ है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में है । उसके बाद पुलिस की टीम गठित की गई । कल से ही छापेमारी शुरू की गई थी । पुलिस अलग-अलग जगह पर रेड कर रही थी । इसी क्रम में पुलिस टीम को पता चला कि निरसा में एक कुख्यात अपराधी ठहरा हुआ है । पुलिस वहां पहुंची तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी । इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की । कुल पांच लोग धनबाद पहुंचे थे ।जिसमें तीन पकड़े जा चुके हैं । दो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है । एस एस पी ने बताया कि उन्होंने जमशेदपुर और सरायकेला पुलिस से भी संपर्क किया है । उन्हें बताया गया है कि जमशेदपुर के होटल मालिक निखार हत्याकांड में सागर उर्फ शिबू स्पॉट पर था । इसके अलावा 2017 के चर्चित हत्याकांड में भी वह नामजद रहा था । उन्होंने कहा कि पांचो अपराधी के पकड़ में आ जाने के बाद पता चल पाएगा यह लोग किस कारण से धनबाद में जमा हुए थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *