अभिषेक मिश्रा

चासनाला । केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 (MMDR) के विरोध में आगामी 07 सितंबर 2026 को झरिया अंचल कार्यालय में आयोजित होने वाले विशाल विरोध-प्रदर्शन को सफल बनाने के उद्देश्य से झारखंड मुक्ति मोर्चा, धनबाद जिला कमेटी एवं धनबाद महानगर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक डिगवाडीह स्थित मदन राम के आवासीय कार्यालय में संपन्न हुई।

बैठक में मुख्य रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा धनबाद जिला अध्यक्ष श्री लखी सोरेन, जिला सचिव श्री मनु आलम, धनबाद महानगर अध्यक्ष श्री मंटू चौहान एवं झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के नेता श्री सपन बनर्जी उपस्थित रहे।

बैठक में उपस्थित नेताओं ने धनबाद जिले के सभी प्रखंड, नगर एवं स्थानीय कमेटियों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी विरोध-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को विरोध-प्रदर्शन में शामिल कराने की अपील की गई।

वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के लागू होने से झारखंड के खनिज संसाधनों, राज्य के अधिकारों एवं आम जनता के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। साथ ही झारखंड सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राज्य के विकास कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है, जिसका सीधा नुकसान झारखंड की आम जनता को उठाना पड़ सकता है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जनविरोधी एवं झारखंड विरोधी कानून के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें तथा झारखंड के अधिकारों, प्राकृतिक संसाधनों एवं जनहित की रक्षा के लिए अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएं।

बैठक में मुख्य रूप से धनबाद महानगर उपाध्यक्ष मदन राम, महानगर उपाध्यक्ष बंटी सिंह, महानगर कोषाध्यक्ष टिंकू सरकार, वरिष्ठ नेता आशीष सिन्हा, नगर अध्यक्ष फरीद मलिक, नगर उपाध्यक्ष शेख जाहिद, नगर सचिव दिलीप महतो, किशन रवानी, भगवान सिंह, झरिया नगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष रीना पासवान, साहब शेख, जसीम अंसारी, अजय पासवान, जितेंद्र पासवान सहित बड़ी संख्या में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *