निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । सावन के पावन महीने में जामताड़ा का माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया है। बुधवार को भाजपा नेता तरुण गुप्ता ने अपनी धर्मपत्नी सह जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता के साथ अपने आवास पर एक भव्य महा रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि के लिए सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की गई। इस मौके पर धार्मिक संगीत का भी आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हुआ माहौल इस महा रुद्राभिषेक में कुल 51 जोड़ों ने एक साथ बैठकर भगवान भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक किया। योग्य पंडितों द्वारा किए जा रहे वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण बेहद भक्तिमय और पवित्र हो गया। सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव पर जल, दूध, दही, शहद, और विभिन्न पूजन सामग्रियां अर्पित कर बाबा वैद्यनाथ से क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। तरुण और आशा गुप्ता ने की विधि-विधान से पूजा मुख्य यजमान के रूप में भाजपा नेता तरुण गुप्ता और नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने भी पूरे विधि-विधान और निष्ठा के साथ महादेव की पूजा की। इस दौरान तरुण गुप्ता ने कहा, “इस महा रुद्राभिषेक का एकमात्र उद्देश्य भगवान शिव की आराधना के साथ-साथ हमारे समाज में सुख, शांति और समृद्धि लाना है। महादेव की कृपा पूरे जामताड़ा वासियों पर बनी रहे, यही हमारी प्रार्थना है।”
बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालु, बंटा प्रसाद
इस भव्य आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु तरुण गुप्ता के आवास पहुंचे। पूजा संपन्न होने के बाद महाआरती की गई और उपस्थित सभी भक्तों के बीच बड़े पैमाने पर महाप्रसाद का वितरण किया गया।
