धनबाद । राजगंज थाना क्षेत्र के चालीबंगला के समीप
नेशनल हाईवे-19 पर बुधवार की देर शाम को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतकों की पहचान पांडरपाला रहमतगंज निवासी ओसामा (18)और सैजान तबरेज (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बुधवार को पांडरपाला स्थित अपने घर से बाइक से निकले थे। इसी दौरान चालीबंगला के पास एनएच-19 पर उनकी बाइक को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राजगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, ओसामा के पिता रेडीमेड कपड़े के कारोबार से जुड़े हैं, जबकि सैजान तबरेज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दोनों युवकों की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों युवक के मौत की खबर मिलते ही रहमतगंज और पांडरपाला में मातम छा गया । स्थानीय लोगों ने एनएच-19 पर बढते सडक हादसों को लेकर चिंता जता रहे है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *