जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह मांझी बस्ती मिल्लत नगर में सोमवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट की घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की है। पहले पक्ष की शमा परवीन ने आरोप लगाया है कि मिल्लत नगर के कुछ युवक उसके साथ लगातार छेड़खानी और अश्लील कमेंट कर रहे थे। सोमवार शाम इसका विरोध करने गए उसके भतीजे मो० शान अंसारी और देवर नसीम अंसारी के साथ उक्त युवकों ने लाठी, रॉड और ईंट से मारपीट की, जिसमें दोनों को चोटें आई हैं। इसको लेकर जोरापोखर थाना में कांड संख्या 102/26 दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की मुस्कान बीबी ने आरोप लगाया है कि रोहित सिंह अपने साथ 7-8 लोगों के साथ हरवे हथियार से लैस होकर आया और इमामुद्दीन के सिर पर पिस्टल के बट से हमला कर दिया, जिससे उसका माथा फट गया। उसे बचाने आए सरफराज का भी सिर फोड़ दिया गया और मुस्कान बीबी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। इमामुद्दीन की हालत गंभीर होने के कारण उसे एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया गया है। इसको लेकर जोरापोखर थाना में कांड संख्या 103/26 दर्ज किया गया है। घटना को लेकर जोरापोखर पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया था। पुलिस ने प्रथम पक्ष के मो० शान एवं मो० सोनू को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में धनबाद जेल भेज दिया है, वहीं तीन अन्य लोगों को पूछताछ कर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।जोरापोखर थाना पुलिस दोनों कांडों के अनुसंधान में जुटे हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
