धनबाद। धैया के लाहबनी में चोरों ने अस्पताल कर्मी के बंद घर को निशाना बनाते हुए नगदी सहित सोने-चांदी के लाखों के आभूषण चुराकर फरार हो गए । पीड़ित परिवार तरुण सिंह अपने पिता के इलाज के सिलसिले में चार दिन पहले पूरे परिवार के साथ रांची गए थे । चोरों ने इसी फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया । तरुण सिंह मंगलवार को परिवार के साथ रांची से धैया स्थित अपने घर लौटे । घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था । अंदर प्रवेश करने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था । चोरों ने घर के दो अन्य दरवाजों के ताले भी तोड़ दिए थे । अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले । पीड़ित परिवार ने बताया कि घर से नगदी समेत लगभग 25 लख रुपए के आभूषण चोरी हुए हैं । तरुण सिंह ने तत्काल इसकी सूचना धनबाद थाना को दी । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की । पुलिस चोरों की तलाश में आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है । वहीं घटना के बाद से पीड़ित परिवार काफी परेशान है ।
