धनबाद । धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए छह युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की है। इसके साथ ही चोरी की एक मोटरसाइकिल समेत दो बाइक भी पुलिस ने जब्त की हैं। दरअसल, 22 अगस्त की रात करीब 3:30 बजे कला संगम मनईटांड़ के पास पुलिस गश्ती कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार छह लोग पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया और गांधी नगर शिव मंदिर के पास सीटी हाक्स के सहयोग से सभी को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आजाद आलम के पास कमर में खोसा हुआ देशी कट्टा और मुकेश कुमार के पैंट की जेब से एक जिंदा गोली बरामद हुई। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि एक बाइक आरोपियों की है, जबकि दूसरी हीरो ग्लैमर बाइक मटकुरिया से चोरी की गई थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आजाद आलम ने बताया कि हथियार उसे जग्गु पासवान ने दिया था और सभी चोरी की नीयत से घूम रहे थे। आजाद की निशानदेही पर पुलिस ने जग्गु पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में हथियार, गोली और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है।
