अभिषेक मिश्रा
चासनाला। सेल कोलियरीज डिवीजन के चासनाला कोलियरी अंतर्गत तासरा रेलवे साइडिंग में हुई शंकर मल्लिक की दुखद मौत के बाद पांच दिनों से धरने पर बैठे परिजनों से धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने मुलाकात की।
मेयर ने परिजनों की पीड़ा और समस्याओं को गंभीरता से सुना और मानवीय पहल करते हुए अपने निजी स्तर से कुल 10 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसमें 10 लाख रुपये नकद पत्नी और बच्चों के भविष्य के लिए तथा 50 हजार रुपये अंतिम संस्कार एवं क्रियाकर्म के लिए दिए गए।
मेयर संजीव सिंह ने कहा, सेल कोलियरीज डिवीजन के चासनाला कोलियरी अंतर्गत तासरा रेलवे साइडिंग में शंकर मल्लिक की हुई दुखद मौत बेहद पीड़ादायक है। आज धरने पर बैठे मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी। परिवार को निजी रूप से 10 लाख रुपये नकद तथा अंतिम संस्कार के लिए 50 हजार रुपये, कुल 10.50 लाख रुपये की सहायता दी है।
उन्होंने कहा, यह राशि विशेष रूप से मृतक की पत्नी और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सौंपी गई है, ताकि इस दुख की घड़ी में परिवार को कुछ आर्थिक संबल मिल सके और तत्काल आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मेयर ने भावुक होते हुए कहा, की शंकर मल्लिक को वापस तो नहीं लाया जा सकता, लेकिन उनके परिवार को इस कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। परिवार के सुख-दुख में हर संभव सहयोग के लिए मैं सदैव उनके साथ खड़ा रहूँगा।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना केवल सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इस कठिन परिस्थिति में मजबूती से उनके साथ खड़े रहना भी जरूरी है। भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
अंत में उन्होंने कहा, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।
मेयर की इस पहल से पांच दिनों से धरने पर बैठे परिजनों को बड़ी राहत मिली है। इस दौरान उमेश यादव, अभिषेक पांडेय, साजन सिंह, चीकू महतो सहित बड़ी संख्या में मजदूर भाई-बहन मौजूद रहे।
