डिगवाडीह में बिजली कटौती से आक्रोशित महिलाओं ने किया झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग जाम
मेयर का काफिला फंसा जाम में, आश्वासन पर हटा जाम
जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह इस्लामपुर और घटवार बस्ती में गुरुवार दोपहर से बिजली आपूर्ति ठप रहने से आक्रोशित महिलाओं एवं पुरुषों ने शुक्रवार को झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने बांस-बल्ली लगाकर डिगवाडीह बाजार के पास मुख्य सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। सड़क जाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानीयों का सामना करना पड़ा।
आक्रोशित लोगों का आरोप था कि लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में अंधेरा छाया है, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इसी दौरान धनबाद के मेयर संजीव सिंह की काफिला वहां से गुजर रहा था तो वो भी जाम में फंस गए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों से बातचीत की। मेयर ने बिजली विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्या के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बिजली विभाग के अधिकारियों से बात हुई है उन्होंने कहा है दो घंटे के अंदर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। यदि फिर भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो लोग हमसे संपर्क कर सकते हैं। मेयर के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए और जाम को समाप्त किया।
उधर सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भी लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया और यातायात को सामान्य करवाया।
