जामाडोबा में विवाहिता की मौत, पिता ने दामाद पर मारपीट कर हत्या का लगाया आरोप
पति को हिरासत में लेकर भेजा गया जेल
जोरापोखर।जोरापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा भुनेस्वर चौक के समीप रमजानपुर के रास्ते स्थित खटाल में रहने वाली एक विवाहिता वंदना देवी की मौत के मामले में पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार वंदना देवी की शादी नौ वर्ष पूर्व भुनेस्वर चौक निवासी पप्पू यादव के साथ हुई थी। ससुराल वालों ने बताया कि रविवार देर रात वंदना बर्तन धोने के लिए घर के पीछे गई थी। इसी दौरान वह फिसल कर गिर गई और सिर में गंभीर चोट आ गई। घायल अवस्था में उसे धनबाद के एक नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। सोमवार को रिम्स में इलाज के दौरान वंदना की मौत हो गई। इसकी सूचना मायके पक्ष को दी गई।
वहीं मृतका के पिता लालो यादव, जो जमुई, बिहार के मथुरापुर गांव के निवासी हैं, ने जोरापोखर थाना में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि दामाद पप्पू यादव शादी के बाद से ही उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। छह माह पूर्व जब मारपीट किया था तब पंचायती भी हुई थी। पिता का कहना है कि उनकी बेटी के सिर पर किसी चीज से वार किया गया है, जिससे उसकी मौत हुई है गिरने से नहीं हुई है। मारपीट के डर से मृतका के दोनों पुत्र आर्यन कुमार और अमन कुमार भी यहां नहीं आना चाहते थे। दोनों पुत्र अभी बिहार में नाना के पास रहता है।
पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जोरापोखर थाना कांड संख्या 101/26 दर्ज कर पति पप्पू यादव को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जोरापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया, मृतका के पिता ने लिखित शिकायत दी है। पति को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
