झरिया । बोरागढ़ ओपी क्षेत्र के भालगोरा टीना धौड़ा में सर्पदंश से रूमन कुमारी नामक 18 वर्षीय एक युवती की मौत रविवार की देर रात हो गई।इधर युवती के मौत के बाद स्वजनों ने एसएनएमएमसीएच अस्पताल में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। स्वजन इस अस्पताल में स्नैक दंश के इलाज के लिए समुचित इलाज की व्यवस्था करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि युवती घर में खाना बनाने के लिए सामग्री लाने दुकान गई थी। इसी दौरान सांप ने उसे रास्ते में डस लिया। स्वजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवती की मौत के बाद परिवार वालों में अस्पताल प्रबंधन के प्रति आक्रोश है। परिवार वालों का आरोप है कि समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण युवती की जान चली गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बताया जाता है कि मृतका की शादी आगामी नवंबर में बिहार के छपरा मे होने वाली थी। डोली उठने से पहले ही उसकी अर्थी उठने से परिवार और गांव में शोक की लहर है।
स्वजनों और स्थानीय लोगों ने मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में एंटी-स्नेक वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि सर्पदंश के मामलों में समय पर इलाज मिल सके। इस घटना से मर्माहत पिता राजेश यादव सहित परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है
