जियलगोरा में पाइपलाइन बिछाने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट

लाठी-रॉड से हमले में 8 लोग घायल, थाना परिसर में भी हुई झड़प

जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के बरारी मोड़ स्थित जियलगोरा ग्राम स्थान के पास बीसीएल की पानी की पाइपलाइन बिछाने को लेकर सोमवार देर शाम दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कुल 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार जियलगोरा सात नंबर ग्राम स्थान मुहल्ले में लोगों की सुविधा के लिए बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा पिट वाटर के सार्वजनिक नल के लिए 4 इंची पाइपलाइन बिछाई जा रही थी। पिछले तीन दिनों से मो. मन्नान सहित 4-5 लोग पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहे थे।

मुहल्ले के वकील अख्तर ने पाइपलाइन बिछाने का काम अपने घर के बगल से किए जाने का विरोध किया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीन दिनों से तनाव चल रहा था।

सोमवार शाम को जब दोबारा पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हुआ तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से लोग लाठी-डंडा और रॉड लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े।

इस मारपीट में वकील अख्तर, पुत्र इमरान अख्तर, शायद राजा और दूसरे पक्ष से मो. शब्बीर अंसारी, पुत्र एहतिशाम अंसारी, अमन अंसारी एवं मो. मन्नान की पत्नी सहित आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए चासनाला अस्पताल भेजा है, जहां वकील अख्तर, मो. शब्बीर अंसारी और एहतिशाम अंसारी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थक थाना परिसर में भी आपस में भीड़ गए। पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया। वकील अख्तर के समर्थकों ने आरोप लगाया कि मन्नान पक्ष के लोगों ने मारपीट के दौरान वकील अख्तर की चार पहिया वाहन जेएच 10 डीडी – 8705 को डंडे से तोड़-फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं मन्नान की पत्नी ने वकील अख्तर के लोगों पर गले से सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *