निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । विश्व आदिवासी दिवस के शुभ अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के जामताड़ा स्थित आवास पर रविवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जामताड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के महिला-पुरुष शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद फुरकान अंसारी उपस्थित रहे। इस दौरान मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने समाज के वरिष्ठ एवं सम्मानित लोगों को सम्मानित किया। वहीं कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को सम्मान स्वरूप साड़ी भेंट की गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया।
विश्व आदिवासी दिवस के मंच से मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 20 वर्षों तक झारखंड को लूटने का काम किया है और इस लूट का पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा की नजर झारखंड के जल, जंगल और जमीन पर है। भाजपा को यहां के आदिवासियों से न प्रेम है और न ही उनके अधिकारों की चिंता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने झारखंड के सीधे-साधे लोगों को बरगलाकर सत्ता हासिल की और डबल इंजन सरकार के नाम पर प्रदेश को लूट का अड्डा बना दिया।
मंत्री ने कहा कि आदिवासियों की जमीन पर किसी की नजर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जामताड़ा में आदिवासी जमीन से जुड़े भाजपा कार्यालय के मुद्दे का भी उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी समाज को अपनी जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा सजग रहना होगा।
आज झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार है और राहुल गांधी की सोच एवं विचारधारा से राज्य विकास की पटरी पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आज आदिवासी समाज के लोगों, विशेषकर महिलाओं की भागीदारी समाज में लगातार बढ़ रही है। जामताड़ा में इसकी स्पष्ट झलक देखने को मिलती है, जहां हमारी बहनें घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मंत्री ने आदिवासी समाज से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा को हर हाल में झारखंड से दूर रखना होगा और उसके किसी भी बहकावे में नहीं आना है। उन्होंने विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सभी से जल, जंगल, जमीन, संविधान और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने विश्व आदिवासी दिवस की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड आदिवासियों की धरती है और इस पर आदिवासी समाज का पूरा अधिकार है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आदिवासियों के अधिकारों और पेसा कानून को कमजोर करने की कोशिशों को समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पहले मतदाता अपने नेता चुनते थे, लेकिन आज ऐसी परिस्थितियां पैदा की जा रही हैं जहां नेता मतदाता को चुनने की कोशिश कर रहे हैं।
फुरकान अंसारी ने SIR (Special Intensive Revision) को लेकर लोगों से विशेष रूप से सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज रहे और किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल जिला प्रशासन से संपर्क करें तथा जनप्रतिनिधियों को भी इसकी जानकारी दें।
उन्होंने कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की यह एकजुटता उनके अधिकारों और लोकतांत्रिक शक्ति का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *