धनबाद । भूली ओपी क्षेत्र में गश्ती के दौरान संदिग्ध चोर को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस की टीम पर हमला हुआ । जिसमें भूली ओपी में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर (एसआई) हरिप्रकाश मिश्रा घायल हो गए है । घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया । जहां उनका इलाज चल रहा है । घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया । पुलिस की टीम ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है । घायल एसआई हरिप्रकाश मिश्रा ने बताया कि वह नियमित गश्ती पर निकले थे । इसी दौरान एक संदिग्ध चोर को पकड़कर भूली ओपी लाया गया । पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपित ने अपने अन्य साथियों की जानकारी दी । जिसके बाद पुलिस टीम उसके निशानदेही पर अन्य आरोपितों को पकड़ने के लिए गई । उन्होंने बताया कि जैसे ही पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे चोरों के गिरोह ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया और पुलिस टीम पर हमला कर दिया । अचानक हुए हमले में एसआई हरिप्रकाश मिश्रा घायल हो गए ।
