कुमार अजय
कतरास । मंगलवार को कतरास थाना क्षेत्र में एक बार फिर भू- धंसान की घटना हुई है । घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है । तेज आवाज के साथ जमीन फटी और लगभग आधा दर्जन घर जमीन में समा गए, इस दौरान घर का सारा सामान व एक मोटरसाइकिल भी जमीनदोज हो गया, इसके बाद पूरे क्षेत्र में अफरा- तफरी मच गई । प्रभावित लोगों का कहना है कि पहले तो उन्हें लगा कि भूकंप आया है । लेकिन उसके बाद तेज आवाज के साथ जमीन फटने लगी और घर जमींदोज हो गए । गनीमत रही की लोगों की जान बच गई लेकिन माल का भारी नुकसान हुआ है । बताया जाता है कि बिजली कटी होने की वजह से लोग घरों से बाहर थे । इस वजह से उनकी जान बच गई । हादसा कतरास थाना क्षेत्र के सिलेक्टेड न्यू गोविंदपुर में घटी । घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल है । लोगों का आरोप है कि अवैध खनन की वजह से जमीन खोखली हो गई है और इस वजह से जब भी बारिश होती है । इलाके में भू-धंसना की घटना हो जाती है । घटना की सूचना के बाद कतरास पुलिस और बीसीसीएल के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए हैं ।
घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस और बीसीसीएल (BCCL) के अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया । स्थिति का जायजा लेने वार्ड नंबर एक की पार्षद डॉ. मधुमाला और डॉ. स्वतंत्र कुमार भी पहुंचे । उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया और प्रशासन से पीड़ित परिवारों के पुनर्वास तथा उचित मुआवजे की मांग की । फिलहाल क्षेत्र में तनाव और डर का माहौल बना हुआ है ।
