धनबाद । बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे के कल्याणपुर चौक के समीप मंगलवार को रॉन्ग साइड से वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटना हो गया । एक साथ तीन वाहनों स्कूल वैन, कंटेनर और टाटा मैजिक में टक्कर हो गया । हादसे में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए । गनीमत रही कि स्कूल वैन में सवार सभी स्कूली बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं । घटना के बाद पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल वैन बच्चों को छोड़ने के लिए रॉन्ग साइड से जा रही थी । इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर से उसकी सीधी टक्कर हो गई । टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूल वैन का चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए लेकिन, हादसे में स्कूली बच्चे बाल- बाल बच गए । इसी बीच स्कूल वैन के पीछे चल रही टाटा मैजिक भी अनियंत्रित होकर वैन से टकरा गई । हादसा इतना जोरदार था कि टाटा मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह अंदर की ओर चला गया और उसका चालक वाहन के अंदर ही फंस गया । स्थानीय लोगों ने बिना समय गवाए राहत कार्य शुरू कर दिया । काफी मशक्कत के बाद टाटा मैजिक चालक को वाहन से बाहर निकाला जा सका । सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया । गनीमत रही कि स्कूल वैन में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे, जिससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली । घायल स्कूल वैन चालक ने कंटेनर चालक की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया है । पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है ।
