जोरापोखर थाना में 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के आजाद नगर रेलवे कॉलोनी में बेटी के खिलाफ गाली-गलौज की शिकायत करने से नाराज होकर पड़ोसियों ने बुजुर्ग और उसकी बेटी के साथ मारपीट कर दी। घटना में बुजुर्ग का पैर टूट गया है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित 82 वर्षीय गणेश दुसाध ने थाना को दिए आवेदन में बताया कि पड़ोसी आदित्य कुमार उनकी बेटी रीता कुमारी को गंदी गंदी गालियां देता था। इसकी शिकायत 9 जुलाई को उसकी बेटी ने जोरापोखर थाना में की थी। जिसके बाद पुलिस आकर समझा कर वहां से चले गए।
इसी से नाराज होकर 25 जुलाई को शाम करीब 5:30 बजे मनोज कुमार उनके दुकान पर आए और गालीगलौज करते हुए लाठी से मारपिट करने लगे तथा दाहिने पैर में ईंट पटक दी, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि गणेश दुसाध का दाहिना पैर फ्रैक्चर है। बीच-बचाव करने आई उसकी बेटी के साथ अनीता देवी और आदित्य कुमार ने भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जोरापोखर थाना कांड संख्या 89/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
