जोरापोखर थाना में दो भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र में फर्जी जमीन दिखाकर 6 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जियालगोरा 16 नंबर निवासी मो. आजाद अंसारी और उसके भाई मो. वसीम पर कतरास छाताबाद निवासी मो. मुकर्रम अंसारी ने ठगी और मारपीट का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता मुकर्रम अंसारी ने बताया कि पिछले वर्ष गोविंदपुर कुर्मीडीह मौजा में जमीन खरीदने को लेकर आजाद अंसारी ने उनसे संपर्क किया था। आजाद ने कुर्मीडीह में जमीन दिखाकर कीमत 8 लाख रुपये तय की।

एग्रीमेंट के तहत गवाहों के सामने 6 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया गया। जब मुकर्रम ने जमीन में चहारदीवारी का काम शुरू किया तो असली मालिक सामने आ गए और काम रुकवा दिया। तब जाकर पता चला कि आजाद ने फर्जी जमीन दिखाकर ठगी की है।

शिकायत में कहा गया है कि पैसे वापस मांगने पर आजाद ने कुछ रकम लौटाई और बाकी बाद में देने का वादा किया। लेकिन शनिवार को जब मुकर्रम अपने गवाह के साथ जियालगोरा 16 नंबर जाकर बकाया पैसे मांगने गए तो आजाद और उसके भाई वसीम ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पीड़ित की लिखित शिकायत पर जोरापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की, लेकिन दोनों भाई फरार हो गए हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोप सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *