धनबाद । झारखंड के धनबाद जिले के बरोरा में पुलिस ने शनिवार को साधु बनकर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है, इस दौरान गिरोह के तीन आरोपी सदस्य को पुलिस ने धर दबोचा है । मामले को लेकर बताया जाता है कि बरोरा थाना क्षेत्र में साधु का भेष बदलकर (बहुरुपिया साधु) बनकर चोरी करने वाले तीन शातिर आरोपियों ने हरिना कॉलोनी में एक घर में दक्षिणा मांगने के बहाने प्रवेश किया और बातों में उलझाकर लगभग तीन ग्राम का सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया।
एफआईआर दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर थाना प्रभारी अभय कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार तीनों आरोपी बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले हैं । जो साधु का वेश धारण कर लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
