सहायक उपकरण वितरण, प्रतियोगिताएं और फुटबॉल टूर्नामेंट से मनाया गया जयंती दिवस

जोरापोखर। भारत रत्न जे.आर.डी. टाटा की 122वीं जयंती पर बुधवार को टाटा स्टील झरिया डिवीजन ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जामाडोबा और सिजुआ में श्रद्धांजलि सभाओं के साथ-साथ दिव्यांगों के लिए सहायक उपकरण वितरण, प्रतियोगिताएं, महिला नेतृत्व प्रशिक्षण और फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया।

जेनरल मैनेजर ऑफिस, जामाडोबा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में टाटा स्टील झरिया डिवीजन के जेनरल मैनेजर (डेजिग्नेट) नरेंद्र कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान प्रसेनजीत सामंत, हेड-जेसीपीपी; आलोक कुमार सिंह, हेड-प्लानिंग; अशोक कुमार राय, अध्यक्ष-आरसीएमयू जामाडोबा ग्रुप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

वहीं सिजुआ ग्रुप कार्यालय में सिजुआ ग्रुप के चीफ विकास कुमार ने पुष्पांजलि अर्पित की। उपस्थित सभी लोगों ने जेआरडी टाटा के उत्कृष्टता और सत्यनिष्ठा के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।

सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा संचालित स्पर्श केंद्र, जामाडोबा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कुष्ठ रोग से प्रभावित 39 से अधिक लाभार्थियों को व्हीलचेयर, बैसाखी और एमसीआर फुटवियर वितरित किए गए।

इस अवसर पर नरेंद्र कुमार गुप्ता के साथ टाटा मेन हॉस्पिटल जामाडोबा के सी.एम.ओ. डॉ. आलोक भी मौजूद थे।

जामाडोबा और सिजुआ स्थित इंग्लिश लर्निंग एवं कंप्यूटर स्किल केंद्रों में चित्रकला, भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं कराई गईं। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

भेलाटांड़ में महिलाओं के लिए नेतृत्व प्रशिक्षण सत्र हुआ। इसमें सिजुआ कोलियरी के हेड संजीव कुमार ठाकुर मुख्य अतिथि रहे। बाद में भेलाटांड़ और सिजुआ 12 नंबर गांव में 70 महिला समूहों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया।

जयंती के उपलक्ष्य में 27 से 29 जुलाई तक अंतर-कोलियरी फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित किया गया। इसमें कंपनी कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों की कुल 11 टीमों ने हिस्सा लिया।

कर्मचारी वर्ग में ऑफिसर्स 11 ने सिजुआ ग्रुप सरफेस को 3-0 से हराकर खिताब जीता। वहीं
वेंडर वर्ग में सिजुआ ग्रुप सरफेस ने सिजुआ कोलियरी को 4-1 से पराजित किया।

टाटा स्टील प्रबंधन ने कहा कि यह आयोजन जेआरडी टाटा की टीम भावना, सेवा और राष्ट्र निर्माण की विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *