धनबाद । सोमवार को झारखंड के धनबाद जिले के मुनीडीह ओपी क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है । मामले को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि मुनीडीह ओपी क्षेत्र में घरेलू विवाद में हत्या की घटना हुई है । गोपीनाथडीह बस्ती में 31 वर्षीय बिसु बाउरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है । मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी और नाबालिग बेटे पर ईंट, पत्थर, बेलन और अन्य सामान से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है । पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुटी हुई है । घटना मुनीडीह ओपी क्षेत्र के गोपीनाथडीह बस्ती स्थित वाशरी रोड की है । बताया जा रहा है कि बिसु बाउरी का अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद हुआ था । जिसके बाद उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । मृतक के भाई, बहन और अन्य परिजनों का आरोप है की बिसु बाउरी की पत्नी पूनम देवी और उसके नाबालिग बेटे ने ईट, पत्थर और अन्य वस्तुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी है ।परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है । मुनीडीह ओपी प्रभारी मानिता कुमारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया । मौके से रॉड, डंडा, बेलन और ईंट बरामद किए गए हैं । मृतक के परिजनों के आरोप के आधार पर पुलिस पत्नी और नाबालिग बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही । पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।
