सीआईएसएफ अधिकारी ने छात्रों में जगाई देशभक्ति की भावना

जोरापोखर। टाटा डीएवी स्कूल, जामाडोबा में सोमवार को कारगिल विजय दिवस गरिमामय ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट सुशांत गायकवाड़ रहे। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसमें मुख्य अतिथि सुशांत गायकवाड़, विद्यालय के प्राचार्य अमिताभ दासगुप्ता, शिक्षकगण और विद्यार्थी शामिल हुए।

मुख्य अतिथि ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों के बलिदान को याद करते हुए इस दिन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय की नवगठित स्टूडेंट्स काउंसिल के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं। अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से ही राष्ट्र निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने देशभक्ति से भरे भाषण, गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा सभागार राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।

इसके बाद स्टूडेंट्स काउंसिल के सभी सदस्यों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया।

प्राचार्य अमिताभ दासगुप्ता ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, जिम्मेदारी और देशभक्ति के साथ आगे बढ़कर देश सेवा में योगदान दें।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *