जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के जियलगोरा ए-टाइप कॉलोनी में सोमवार सुबह बीसीसीएल कर्मी के जर्जर आवास की छत का प्लास्टर गिर गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन परिवार में दहशत का माहौल है। कॉलोनीवासियों ने बीसीसीएल प्रबंधन से सभी पुराने क्वार्टरों की तत्काल मरम्मत की मांग की है।

बरारी कोलियरी में बिजली हेल्पर के पद पर कार्यरत चंदन बाउरी अपने परिवार के साथ कंपनी आवास में रहते हैं। सुबह अचानक छत और दीवार का प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर परिजन घबराकर घर से बाहर निकल आए।

चंदन बाउरी ने बताया, आवास काफी जर्जर हो चुका है। इसकी मरम्मती के लिए प्रबंधन से कई बार गुहार लगाई, लेकिन हर बार टालमटोल किया जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी के अधिकांश पुराने क्वार्टर जर्जर हालत में हैं। बरसात शुरू होने के बाद से दीवारों और छतों से प्लास्टर गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

घटना के बाद कॉलोनीवासियों में आक्रोश है। उन्होंने बीसीएल प्रबंधन से मांग की है कि सभी क्वार्टरों की तत्काल सुरक्षा जांच और मरम्मत कराई जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आगे बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *