पाथरडीह । लोदना क्षेत्र संख्या–10 की वर्षों से लंबित जनसमस्याओं को लेकर झरिया विधायक रागिनी सिंह ने सोमवार को लोदना एरिया-10 के महाप्रबंधक अनिल कुमार सिंह के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मंदिर निर्माण से लेकर पेयजल, बिजली, सड़क तक कुल 17 सूत्री मांग-पत्र सौंपा गया। प्रबंधन ने सभी मुद्दों पर प्राथमिकता से कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

विधायक रागिनी सिंह ने महाप्रबंधक को क्षेत्रवासियों की ओर से 17 सूत्री मांग-पत्र सौंपते हुए कहा कि इन मांगों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। बैठक में क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक अमित कुमार महतो और परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार भी मौजूद थे।

मांग-पत्र में रखे गए प्रमुख मुद्दे हैं गोल्डेन पहाड़ी स्थित सिद्ध गुरु चेतन्य शक्ति पीठ मंदिर परिसर का निर्माण कार्य पूरा कराना, कुसुंडा कॉलियरी क्षेत्र में पेयजल एवं पिट वाटर की व्यवस्था, झरिया चार नंबर बस स्टैंड सब्जी बाजार तक जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाना, विभिन्न वार्डों की जर्जर सड़कों की मरम्मत, ट्रांसफॉर्मर स्थापना, डीजी प्लांट डिगवाडीह में गेट एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, खेल मैदान का सौंदर्यीकरण, सामुदायिक भवन की मरम्मत, आवास आवंटन, जर्जर भवनों की मरम्मत,
जामाडोबा, जोगीडीह, जीतपुर, लोदना सहित विभिन्न क्षेत्रों में पानी, बिजली एवं आवास संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान

विधायक रागिनी सिंह ने कहा, लोदना क्षेत्र संख्या–10 की जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना मेरा कर्तव्य है। क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को पेयजल, बिजली, सड़क, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया, आज 17 सूत्री मांग-पत्र के माध्यम से जनता की वर्षों पुरानी समस्याओं को प्रबंधन के समक्ष मजबूती से रखा गया है। जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जब तक प्रत्येक मांग का समाधान नहीं हो जाता, तब तक मेरा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

विधायक ने कहा कि लोदना क्षेत्र संख्या–10 के सर्वांगीण विकास और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी।

बैठक में प्रबंधन की ओर से विधायक द्वारा उठाए गए सभी जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल करते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि के. डी. पांडेय, अखिलेश सिंह, राज किशोर जेना, रामाधार सिंह, उमेश यादव, संजय यादव, रविकांत पासवान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के स्थानीय मजदूर भाई-बहन एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *