पति का हाल अब भी नाजुक, हादसे में पहले ही गई थी एक जान
जोरापोखर। जोरापोखर थाना के शालीमार बीसीसीएल जीएम बंगलो के पास पिछले बुधवार देर रात स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की टक्कर में गंभीर रूप से घायल नवविवाहिता 26 वर्षीय जोया खातून की सोमवार को रिम्स अस्पताल रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल उनके पति जावेद अंसारी का इलाज धनबाद में चल रहा है, जिनकी हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार भूलन बरारी बूढ़ी बांध निवासी जावेद अंसारी अपनी पत्नी जोया खातून को पेट दर्द होने पर इलाज के लिए मुहल्ले के दोस्त सन्नी यादव के साथ बाइक से फुसबंगला अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान जोरापोखर थाना के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में बाईक चालक सन्नी यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल नवदंपति में जावेद अंसारी का इलाज धनबाद में चल रहा है, जबकि पत्नी जोया खातून को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया था। सोमवार को इलाज के दौरान जोया ने दम तोड़ दिया।
जोया का शव पोस्टमार्टम के बाद जब ससुराल पहुंचा तो पूरे मुहल्ले में मातम छा गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
ज्ञात हो कि मृतिका जोया चार बहनों में सबसे छोटी थी। पिछले छह माह पहले लोयाबाद में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में उसकी शादी जावेद अंसारी से हुई थी। शादी के बाद जोया गर्भवती थी। घर-संसार बसने से पहले ही यह हादसा पूरे परिवार को तोड़ गया है।
पुलिस ने मामले में स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
