विश्वजीत चटर्जी
जंगल के रास्ते में हुई वारदात, क्षेत्र में दहशत
जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा कॉपरेटिव कॉलोनी के समीप दो दिन पूर्व अपराधियों ने वाहन मालिक यशवंत चौहान को मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया और लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के जेवरात छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है।
पीड़ित यशवंत चौहान ने बताया कि 14 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह अपने स्कॉर्पियो से बीमार दोस्त रवि शेखर को बोकारो से इलाज कराकर कॉपरेटिव कॉलोनी स्थित घर छोड़कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नुनिकडीह सात नंबर के पास जंगल के रास्ते में चार पहिया वाहन में सवार तीन से चार अपराधियों ने उसका पीछा कर गाड़ी रुकवा दी।
गाड़ी रुकते ही तीन अपराधियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके गले से सोने की लॉकेट लगी चैन, अंगूठी और चांदी का ब्रेसलेट समेत करीब ढाई लाख रुपये के जेवरात छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
हमलावरों की बर्बरता से यशवंत की एक आंख गंभीर रूप से चोटिल हो गई है। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गहरे चोट के निशान हैं। घटना को लेकर रवि शेखर ने जोरापोखर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर यह घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर जोरापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
थाना प्रभारी ने कहा, घटना संदिग्ध है। यह छिनतई की नहीं बल्कि रंजिश को लेकर मारपीट की घटना होने की आशंका है। जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल के समीप जंगल में हमेशा जुए का अड्डा चलता है, जहां अक्सर शोर-शराबा और अपराधियों का जमावड़ा लगा रहता है। इसी कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पीड़ित परिवार और कॉलोनीवासी दहशत में हैं।
