विश्वजीत चटर्जी
जोरापोखर। भौंरा हॉस्पिटल मोड़ 12 नंबर निवासी एवं जमसंघ बच्चा गुट के समर्थक 35 वर्षीय हरेंद्र यादव की शनिवार को करंट लगने से मौत हो गई। बरसात के कारण गीले कपड़े सुखाते समय वह तार की चपेट में आ गया। आनन-फानन में परिजन उसे टाटा अस्पताल जामाडोबा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार हरेन्द्र अपने बड़े चाचा रामा आशीष यादव के साथ भौंरा में रहता था। शुक्रवार को वह घर में गीले कपड़े सुखाने के लिए तार की टांगनी पर डाल रहा था। बरसात के कारण टांगनी में विद्युत का प्रवाह हो गया और वह करंट की चपेट में आ गया।
परिजनों ने तुरंत उसे टाटा अस्पताल जामाडोबा पहुंचाया, लेकिन वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि हरेन्द्र जमसंघ बच्चा गुट के लिए सक्रिय सदस्य था। उसके पिता सुभाष यादव बिहार के बबनगांवा में रहते हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही भौरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे की खबर मिलते ही जमसंघ बच्चा गुट के महामंत्री अभिषेक सिंह अस्पताल पहुंचे और शोक संतृप्त परिवार से मिलकर ढाढ़स बंधाया। उन्होंने कहा कि पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।
स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में बिजली के तारों और घरेलू उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की अपील की है।
