विश्वजीत चटर्जी

जल्द मंदिर निर्माण पूरा करने पर बनी सहमति, दोनों गुट आए साथ

जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह सर्कस मैदान में आयोजित होने वाले कोयलांचल के विख्यात गणेश महोत्सव का भूमि पूजन गुरुवार को तनाव और पुलिस हस्तक्षेप के बीच संपन्न हुआ। पूजा कमिटी और विरोधी गुट के बीच मंदिर निर्माण, हिसाब-किताब और सुरक्षा को लेकर चले विवाद के बाद थाना प्रभारी की मध्यस्थता से समझौता हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन किया।

बताते चलें कि डिगवाडीह सर्कस मैदान में पिछले तीन दशकों से आयोजित हो रही गणेश महोत्सव कोयलांचल में काफी प्रसिद्ध है। हर वर्ष यहां भव्य पंडाल, आकर्षक बिद्युत सज्जा के साथ मेले का आयोजन होता है, जिसके एवज में मेला संचालक पूजा कमिटी को लाखों रुपये चंदा देता है। आरोप है कि इतनी राशि आने के बाद भी गणेश मंदिर का निर्माण कार्य अब तक अधूरा है।

वर्तमान कमिटी पिछले साल से युद्ध स्तर पर मंदिर निर्माण करवा रही है। मंदिर का गुंबद बन चुका है, सिर्फ प्लास्टर और रंग-रोगन बाकी है। इसके बावजूद हर साल मेले की राशि के दुरुपयोग का आरोप लगता रहा है। पिछले वर्ष इसी विवाद में कमिटी के दो गुटों में जमकर मारपीट भी हुई थी।

गुरुवार को जब बर्तमान पूजा कमिटी ने भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया तो दूसरे गुट के सत्यम कुमार, शैलेन्द्र कुमार और पूर्व पार्षद विनय रजवार के समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। उनकी मांग थी पिछले वर्षों का हिसाब देना, मंदिर निर्माण की अवधी तय करना, पूजा के तुरंत बाद लेखा-जोखा प्रस्तुत करना और सुरक्षा सुनिश्चित करना। इससे दोनों गुटों में टकराव की स्थिति बन गई। सूचना पर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता दल-बल के साथ गणेश मैदान पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई।

वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच तय हुआ कि तीन वर्षों के अंदर मंदिर निर्माण पूरा कर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। पूजा कमिटी के लेखा-जोखा में दूसरे पक्ष के सत्यम कुमार को शामिल किया जाएगा। पूजा और मेला शांति व धूमधाम से मनाने के लिए सभी मिलकर सहयोग करेंगे। समझौते के बाद दोनों गुटों ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर गणेश महोत्सव की शुरुआत की। इस अवसर पर पूजा कमिटी के अध्यक्ष जगजीवन राम, सचिव मोहन यादव, दिनेश यादव, राजू कुंडू, उज्ज्वल कुमार, उत्सव राम, बिहारी राम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। जोरापोखर थाना पुलिस ने पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *