अभिषेक मिश्रा
जोरापोखर । पाथरडीह थाना क्षेत्र में तीन युवकों की बेल्ट और डंडे से बेरहमी से पिटाई के बाद मामला तुल पकड़ता जा रहा है।इस घटना से क्षेत्र में सन सनी फैल गई है।
इस घटना के बाद से तीनों युवक लापता बताए जा रहे हैं। इस मामले में परिजन ग्रामीण पाथरडीह थाना पहुंचकर युवकों की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं।
वही परिजनों के अनुसार लापता युवकों की पहचान मिहिर मल्लिक, जयदेव मल्लिक और विक्की मल्लिक के रूप में हुई है। तीनों रामकनाली ओपी क्षेत्र के खेपचाटांड़ बस्ती, कतरासगढ़ के निवासीबताए जाते हैं।
परिजनों का कहना है कि तीनों युवक चासनाला बस्ती स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट का वीडियो देखने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई।
इधर वायरल वीडियो सामने आने के बाद सिंदरी डीएसपी प्रकाश चंद्र महतो के नेतृत्व में पाथरडीह थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और लापता युवकों की तलाश जारी है।
फिलहाल परिजन पुलिस से तीनों युवकों को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
समाचार लिखे जाने तक मामला का खुलासा नहीं हो पाया है।
